डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( जिया उल्ला खान)...
गौरेला...
गरीब मजदूर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उनके प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को जबरन रोकने का गंभीर मामला गौरेला के मढ़ना डिपो क्षेत्र से सामने आया है। पीड़ित मजदूर महिला जय मंत्री बाई अपने परिवार के साथ उस भूमि पर कई पीढ़ियों से निवासरत हैं, जहां उनके दादा-परदादा के समय से परिवार काबिज़ है।
जय मंत्री बाई को हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। आवास निर्माण के लिए वृद्ध दंपति द्वारा जैसे ही गड्ढा खोदने का कार्य शुरू किया गया, उसी दौरान ताहिर पिता अब्दुल रशीद, निवासी पुराने गौरेला, दो पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचा और आवास निर्माण बंद कराने का दबाव बनाया।
पीड़ित महिला का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी उसे धमकाते हुए कहा—
"बूढ़ी हो, इस उम्र में जेल जाने का काम कर रही हो"
जिससे भयभीत होकर मजदूर परिवार ने काम रोक दिया।
इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के पास पहुंची फरियाद
पीड़ित परिवार ने अपनी पूरी शिकायत लिखित रूप में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी को सौंपी।
इदरीस अंसारी ने बताया कि यह मामला करीब एक वर्ष पूर्व भी उनके पास आया था। उस समय उन्होंने तहसीलदार और पटवारी को मौके पर बुलवाकर जमीन की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कराया था।
पटवारी द्वारा किए गए नाप-जोख और शिवांकन के बाद यह स्पष्ट रूप से लिखा गया कि जय मंत्री बाई जिस भूमि पर काबिज़ हैं, वह चरागन भूमि है और उस पर उनका परिवार सैकड़ों वर्षों से निवासरत है। इसी आधार पर आसपास के चार-पांच लोगों के प्रधानमंत्री आवास पहले ही बन चुके हैं। जय मंत्री बाई का आवास स्वीकृत होना केवल प्रक्रिया में विलंब के कारण बाद में हुआ।
धमकी और पुलिस की मौजूदगी जांच का विषय
इदरीस अंसारी ने कहा कि
“गरीब मजदूर महिला को जान से मारने की धमकी देना और पुलिसकर्मियों को साथ लेकर डराना गंभीर अपराध है। यह पूरा मामला जांच के दायरे में आता है।”
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) गौरेला और तहसीलदार गौरेला को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।
दोषियों पर कार्रवाई और न्याय का भरोसा
इंटक जिला अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाया जाएगा और जिन्होंने इस तरह की गैरकानूनी हरकत की है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।