डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )....
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही.....
जिले में भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) की पहल एक बार फिर लोगों के लिए राहत लेकर आई है। इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के प्रयासों से ग्राम पंचायत पतर कोनी मढ़ना डिपो में पिछले आठ वर्षों से चल रहा जमीन विवाद महज दो दिनों में आपसी सहमति से सुलझा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, जै मंत्री बाई पनिका और मोहम्मद ताहिर अंसारी के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। जै मंत्री बाई ने इसकी शिकायत इंटक जिला कार्यालय में की, जिस पर तत्परता दिखाते हुए इदरीस अंसारी ने दोनों पक्षों को बुलाकर चर्चा कराई और आपसी समझौते के माध्यम से विवाद खत्म कराया। भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए लिखित सहमति के साथ नोटरी एफिडेविट भी कराया गया
दोनों पक्षों ने बताया कि वे वर्षों से कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाकर थक चुके थे और काफी धन भी खर्च हो चुका था, लेकिन इंटक कार्यालय में बिना किसी भेदभाव के सौहार्दपूर्ण माहौल में समाधान मिला। ताहिर अंसारी ने कहा कि इदरीस अंसारी हमेशा मजलूमों की सेवा करते रहें, वहीं जै मंत्री बाई पनिका ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उनका आवास निर्माण भी हो सकेगा और विवाद समाप्त हो गया है।
विशेष बात यह रही कि जिस दिन संगठन द्वारा इंटक जिला अध्यक्ष का जन्मदिन कार्यक्रम रखा गया था, उसी दिन उन्होंने प्राथमिकता देते हुए इस मामले का निराकरण कराया।
जिले में इंटक संगठन लगातार मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्ग की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई कर रहा है और अधिकतर मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने की परंपरा बना रहा है। संगठन की यही कार्यशैली उसे जनविश्वास दिला रही है और क्षेत्र में उसका कद तेजी से बढ़ रहा है।