डेली न्यूज़ टाइम्स ( क्राइम न्यूज़ ) - जिया उल्ला खान....
जांजगीर-चांपा जिले में शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाकर जानबूझकर एक्सीडेंट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
घटना 4 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि भाटापारा केरा रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने आम रोड पर एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने पैदल यात्री और ऑटो को टक्कर मार दी है। बताया गया कि कार नया बस स्टैंड जांजगीर की ओर से कचहरी चौक की दिशा में अत्यधिक गति से चलाई जा रही थी
कार चालक अमन गोयल, निवासी ओल्ड माइंस भटगांव, जिला सूरजपुर, शराब के नशे में धुत था। आरोपी ने पहले सड़क किनारे पैदल चल रहे नारायण सोनवान को जोरदार टक्कर मारी, इसके बाद कुछ दूरी पर उसी साइड चल रहे एक ऑटो को भी चपेट में ले लिया। हादसे में पैदल यात्री और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पैदल यात्री नारायण सोनवान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लिया गया।
डॉक्टरी परीक्षण में आरोपी के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार, कार में रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके द्वारा तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी को कानून के शिकंजे में लिया गया।