यू.पी.आई. के माध्यम से लाखों की ऑनलाइन चोरी करने वाला शातिर चोर आयुष डागा गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर....

रायपुर पुलिस ने यू.पी.आई. के माध्यम से ऑनलाइन ठगी कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष डागा के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी चोरी के लगभग एक दर्जन मामलों में रायपुर सहित अन्य राज्यों से जेल जा चुका है।
घटना का विवरण
प्रार्थिया, निवासी आजाद चौक रायपुर, ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 13 जनवरी 2026 को वह ट्रेन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से ऑटो के माध्यम से अपने घर गई। घर पहुंचने के बाद जब उसने अपने पिट्ठू बैग की साइड जेब चेक की, तो उसका मोबाइल फोन गायब था।

प्रार्थिया ने अपने गुम मोबाइल नंबर को बंद कराकर पुनः उसी नंबर का सिम प्राप्त कर चालू कराया, जिसके बाद उसके मोबाइल पर बैंक खाते से 5,000 रुपये आहरण का मैसेज प्राप्त हुआ। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि अज्ञात आरोपी द्वारा

 13.01.2026 से 16.01.2026 के बीच यू.पी.आई. के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 2,26,562 रुपये निकाले जा चुके थे। इस प्रकार मोबाइल चोरी कर आरोपी द्वारा कुल 2,44,562 रुपये की रकम की ऑनलाइन चोरी की गई।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना आजाद चौक में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 16/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की कार्रवाई

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने प्रार्थिया से विस्तृत पूछताछ कर उसके आने-जाने के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही ऑटो से संबंधित जानकारी भी एकत्र की गई।
यू.पी.आई. लेन-देन की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान हीरापुर कबीर नगर रायपुर निवासी आयुष डागा के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
जप्ती

पुलिस ने आरोपी आयुष डागा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से—
चोरी की नगदी राशि: 70,000 रुपये
प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन
01 दोपहिया वाहन
जप्त किया है।

आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी आयुष डागा एक शातिर चोर है, जो पूर्व में चोरी के लगभग एक दर्जन मामलों में रायपुर के थाना कबीर नगर, पुरानी बस्ती, कोतवाली सहित मध्यप्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के गोंदिया एवं ओडिशा से जेल निरूद्ध रह चुका है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
आयुष डागा, पिता अनिल डागा, उम्र 26 वर्ष, निवासी शुभ लाभ पेपर मिल, हीरापुर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर।

Post a Comment

Previous Post Next Post