डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान).....
रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्र अंतर्गत डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोसी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की सूचना देने वाला पड़ोसी ही इस वारदात का मुख्य आरोपी निकला।
मामले में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी होरी पाल, निवासी डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी, खमतराई, दिनांक 16 जनवरी 2026 को परिवार सहित अपने गृह ग्राम महासमुंद गए हुए थे। इसी दौरान 20 जनवरी को उनके पड़ोसी रवि स्वामी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और चोरी हो गई है।
सूचना मिलने पर प्रार्थी रायपुर लौटे और घर का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि घर के मुख्य दरवाजे और आलमारी का ताला टूटा हुआ था, सामान बिखरा पड़ा था तथा आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी। इस पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 38/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की तथा मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पड़ोसी रवि स्वामी के बयान में लगातार विरोधाभास पाया गया। वह बार-बार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। संदेह गहराने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें रवि स्वामी ने अपने साथी राहुल ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में धारा 283 एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
रवि स्वामी, पिता कुमार स्वामी, उम्र 30 वर्ष, निवासी शिवनगर डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
राहुल ध्रुव, पिता परशुराम ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी शिवनगर डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।