डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )..
जिला जीपीएम- चौकी सिवनी पुलिस ने मोटर सायकल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटर सायकल जप्त की हैं। यह कार्रवाई जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है।
यह मामला अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 112, 318(2), 318(4), 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
🔹 घटना का पूरा विवरण
दिनांक 08 जनवरी 2026 को प्रार्थी कमल सिंह ओट्टी, निवासी दरमोहली, थाना गौरेला ने चौकी सिवनी, थाना मरवाही में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी ने बताया कि 07 जनवरी 2026 की शाम करीब 05:30 बजे वह अपने छोटे भाई के साथ अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (क्रमांक CG10 5879) से ग्राम निमधा आया था। मोटर सायकल घर के बाहर खड़ी कर दोनों सब्जी खरीदने बाजार गए।
करीब 06:00 बजे लौटने पर बाइक वहीं खड़ी मिली, लेकिन कुछ देर बाद भोजन करने के पश्चात जब 06:20 बजे बाहर निकले तो मोटर सायकल गायब थी। आसपास काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
🔹 पुलिस की जांच और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री श्याम कुमार सिदार के मार्गदर्शन में चौकी सिवनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डोंगरिया निवासी विजय साहू, जो पूर्व में भी मोटर सायकल चोरी के मामले में जेल जा चुका है, इस वारदात में अपने साथियों के साथ शामिल है और वर्तमान में धनपुर मंदिर के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी विजय साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
🔹 गिरफ्तार आरोपी
विजय साहू (23 वर्ष), निवासी डोंगरिया, थाना पेण्ड्रा
छोटू उर्फ दीपनारायण साहू (20 वर्ष), निवासी चंद्रौठी दर्रीपारा, थाना पसान, जिला कोरबा
रवि उर्फ वेदप्रकाश साहू (29 वर्ष), निवासी पंडरीपानी, थाना पसान, जिला कोरबा
🔹 बरामदगी और खुलासा
आरोपी विजय साहू के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीन चोरी की मोटर सायकलें बरामद कीं—
हीरो होंडा स्प्लेंडर CG10 5879 (प्रार्थी की चोरी गई बाइक)
एक मोटर सायकल जिस पर फर्जी नंबर प्लेट CG12 6031 लगी थी, जबकि वास्तविक नंबर CG12 6449 है
हीरो होंडा स्प्लेंडर जिस पर नंबर CG12 9733 अंकित था, जिसका वास्तविक नंबर CG04 5057 निकला
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये मोटर सायकलें कुसमुंडा और रायपुर क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
🔹 आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी विजय साहू एवं रवि उर्फ वेदप्रकाश साहू पूर्व में भी थाना पेण्ड्रा में मोटर सायकल चोरी के मामलों में चालानशुदा आरोपी रह चुके हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड को प्रकरण में संलग्न किया गया है।
🔹 पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी मरवाही निरीक्षक श्री शनिप रात्रे ने किया।
कार्रवाई में चौकी सिवनी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नवीन मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजय सिंह, आरक्षक इंद्रपाल आर्मो की अहम भूमिका रही।
वहीं विवेचना में सायबर सेल जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही से
सउनि मनोज हनोतिया, प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी, आरक्षक राजेश शर्मा, सुरेन्द्र विश्वकर्मा एवं हर्ष गहरवार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
🔹 पुलिस की अपील
जिला पुलिस गौरेला–पेंड्रा–मरवाही ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर लॉक करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और अपराध में शामिल तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।