डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान)...
बिलासपुर....
सिरगिट्टी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 475 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा बिक्री से प्राप्त 790 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद गुलाम गुस्तफरा, पिता स्वर्गीय जब्बार खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी लाल खदान परियापारा, आंगनबाड़ी के पास, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर बताया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों की बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 11 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिलपहरी धान मंडी के पास एक व्यक्ति कबाड़ बिनने के बहाने पीले-हरे रंग की चमकीली प्लास्टिक बोरी में गांजा रखकर नशा करने वाले युवकों को बेच रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2.475 किलो गांजा एवं 790 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 29/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।