डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बलरामपुर/कुसमी। कुसमी–अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। जनपद पंचायत कुसमी कार्यालय गेट से लगभग 20 मीटर की दूरी पर पल्सर मोटरसाइकिल और बस की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना दोपहर के समय उस समय हुई जब पल्सर बाइक (क्रमांक CG 30 F 1944) में सवार तीन युवक कुसमी से अपने गांव मोतीनगर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बगीचा से कुसमी की ओर आ रही शमीम बस (क्रमांक CG 14 G 0136) ने ड्राइवर साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की ताकत इतनी ज्यादा थी कि बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर दूर तक घिसट गई और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमी थाना प्रभारी विरासत कुजूर पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंचे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर इकठ्ठा हो गए। पुलिस ने मृत युवकों की पहचान कर ली है, जो ग्राम पंचायत मोतीनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों के परिजनों को फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया है।
वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को तुरंत कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने घटना में शामिल शमीम बस को जप्त कर कुसमी थाने में रखवा दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है कि टक्कर लापरवाही से हुई या ओवरस्पीडिंग इसका कारण बनी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और उचित यातायात नियंत्रण की आवश्यकता है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।