जांजगीर-चांपा पुलिस की सराहनीय पहल, नए साल की शुरुआत मानवता और सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
जांजगीर-चांपा

पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की अनुकरणीय सोच और जनहित के प्रति संवेदनशील नेतृत्व का एक और उदाहरण सामने आया है। नव वर्ष 2026 के आगमन के साथ ही जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ एक अनूठे और प्रेरणादायी तरीके से किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस अभियान की शुरुआत 1 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे जांजगीर कचहरी चौक स्थित सी-मार्ट परिसर में रक्तदान शिविर के माध्यम से की जाएगी।

इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की थीम “रक्तदान करें, किंतु सड़कों पर नहीं” रखी गई है, जो अपने आप में एक सशक्त संदेश देती है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को यह समझाना है कि सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जीवन और रक्त व्यर्थ न जाए, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद की जान बचाने में उपयोग हो।

पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पाण्डेय स्वयं इस कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए आयोजन स्थल का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार भी उपस्थित रहे। यह दर्शाता है कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।

इस रक्तदान शिविर में जिले के सभी सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। विशेष बात यह है कि जिले के पुलिस जवान स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करेंगे, जिससे आम जनता को भी प्रेरणा मिलेगी।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात जागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा। नागरिकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नाबालिगों को वाहन न देने और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय की यह पहल न सिर्फ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली है, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देती है। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा की जा रही यह पहल निश्चित रूप से अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post