डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) द्वारा 21 दिसम्बर को नेहरू चौक में केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसजन हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए, जहां से नारे लगाते हुए वे नेहरू चौक पहुंचे। इस दौरान “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद”, “अमित शाह मुर्दाबाद”, “देश की संपत्ति बेचना बंद करो” और “योजनाओं के नाम बदलना बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी मनरेगा को “ताबूत की आखिरी कील” कहकर उपहास उड़ाया और अब उसका नाम बदलकर “वीबीजी रामजी” कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा में वित्तीय हिस्सेदारी को 90:10 से घटाकर 60:40 कर दिया है। कर्ज में डूबी राज्य सरकारें 40 प्रतिशत हिस्सा कैसे देंगी—ऐसे में योजना स्वतः बंद होने की स्थिति बनेगी।
शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गरीबों को 100 दिन रोजगार सुनिश्चित करने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम लागू किया था, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भुखमरी जैसी समस्याएं दूर हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि 125 दिन रोजगार के नाम पर केंद्र सरकार ने एक निश्चित बजट तय कर दिया है, जिससे राशि समाप्त होते ही काम बंद हो जाएगा और वास्तविक रोजगार सुनिश्चित नहीं हो पाएगा।
पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस की जनहितकारी योजनाओं को क्रमशः समाप्त कर रही है। आज बड़ी आबादी 5 किलो राशन पर निर्भर है, ऐसे में मनरेगा कमजोर होने से गरीबी और बढ़ेगी।
पूर्व अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री “मन की बात” तो करते हैं, लेकिन किसान, मजदूर और गरीबों की बात नहीं सुनते। उन्होंने जंगलों की कटाई, वन्य प्राणियों के विस्थापन और उद्योगपतियों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रदर्शन में ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।