डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर कोनी–सेंदरी रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से नीचे झाड़ियों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पीएससी की तैयारी कर रहे दो छात्रों ईशु रत्नाकर (26) और भास्कर राजपूत (22) की मौत हो गई, जबकि चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी छात्र डिनर करने रतनपुर रोड की ओर जा रहे थे। कार क्रमांक OD 15 M 4400 को ईशु रत्नाकर चला रहा था। कोनी थाना पार कर तुर्काडीह चौक के आगे कार अचानक अनियंत्रित हो गई और जोरदार टक्कर के साथ सड़क से उतरकर पलटती चली गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत कोनी पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी भावेश शेंडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में किया गया।
चार घायलों — अभिषेक बघेल, शेखर चंद्रवंशी, दिशु रत्नाकर और श्याम सिंह राजपूत — की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का वास्तविक कारण घायलों के ठीक होने पर सामने आएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत की कड़ी चेतावनी देती है।