सिविल लाइन पुलिस की रात्रि गश्त में बड़ी सफलता — संदिग्ध युवक पकड़ा गया, देवेन्द्र नगर के सूने मकान से हुई चोरी का खुलासा, 1.25 लाख का माल बरामद

डेली न्यूज़ टाइम्स.. (जिया उल्ला खान )....

बिलासपुर.... सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त ने एक बार फिर बड़ी सफलता दिलाई है। दिनांक 08 दिसंबर 2025 की रात थाना सिविल लाइन की पुलिस टीम शांतिनगर इलाके में नियमित गश्त और पैदल पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखते ही अचानक भागने लगा। पुलिस को उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध लगीं और टीम ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी कर उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।


पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय ध्रुव, निवासी सकरी अटल आवास, के रूप में हुई। मौके पर तलाशी लेने पर आरोपी के पास से सोने–चांदी के जेवरात, नगदी नोट और पुराने सिक्के बरामद हुए। सामान की मात्रा और प्रकृति को देखते हुए पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिस पर आरोपी ने महत्वपूर्ण खुलासा किया।

पूछताछ में संजय ध्रुव ने स्वीकार किया कि उसने देवेन्द्र नगर के एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और बरामद सामान उसी चोरी का है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम देवेन्द्र नगर पहुँची और मकान मालिक चंद्रभान सिंह ठाकुर से संपर्क किया। जब मालिक ने घर की जाँच की, तो उन्होंने चोरी की घटना की पुष्टि की।


चोरी की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके की जांच की और आरोपी के बयान को आधार बनाकर अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल ₹1,25,000/- मूल्य का चोरी गया पूरा माल जब्त कर लिया है।

सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त और पैदल पेट्रोलिंग के चलते ही इस चोरी का तुरंत खुलासा संभव हो पाया।


इस कार्रवाई से स्पष्ट होता है कि पुलिस की त्वरित सतर्कता और सक्रिय गश्त व्यवस्था अपराध पर प्रभावी नियंत्रण में बड़ी भूमिका निभा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post