चोरी के जेवरात गिरवी रखने का खुलासा: बजाज फाइनेंस की महिला कर्मी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर...
रायपुर पुलिस ने चोरी के जेवरात को बिना वैध दस्तावेज के गिरवी रखने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बजाज फाइनेंस की एक महिला फाइनेंसकर्मी को गिरफ्तार किया है। मामला थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र का है, जहां चोरी की कड़ी से कड़ी जुड़ते हुए यह खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत परसुराम नगर पुरैना निवासी प्रार्थिया सुशीला जाल ने घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया स्वास्थ्य खराब होने के चलते 4 अक्टूबर 2025 को अपने परिवार के साथ ओडिशा चली गई थीं। 25 अक्टूबर 2025 को जब वे वापस लौटीं, तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरे और अलमारी का ताला टूटा हुआ था तथा सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि गायब थी।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले चोरी की घटना को अंजाम देने वाले विधि के साथ संघर्षरत एक बालक और आरोपी आशीष नेताम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी आशीष नेताम ने बताया कि चोरी के सोने-चांदी के जेवरात तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे गए थे।
जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बजाज फाइनेंस, तेलीबांधा में जांच की, जहां यह सामने आया कि सनोहर जहां नामक महिला फाइनेंसकर्मी ने बिना किसी वैध दस्तावेज के चोरी के जेवरात को गिरवी रखा था। यह कृत्य अवैध पाए जाने पर महिला आरोपी को धारा 317(2) बी.एन.एस. के तहत गिरफ्तार किया गया।
महिला आरोपी की निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं। इस पूरे मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 278/25 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5), 317(1) बी.एन.एस. में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

सनोहर जहां, पिता स्व. हफीज खान, उम्र 27 वर्ष, निवासी पंडरी सुभान पान शॉप के सामने, झंडा चौक, थाना मोवा, जिला रायपुर।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि चोरी के मामलों में सिर्फ चोर ही नहीं, बल्कि अवैध तरीके से चोरी का माल खपाने वालों पर भी सख्त शिकंजा कसा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post