हाईवा पार्टनरशिप के नाम पर 17 लाख की ठगी, पड़ोसी रेलवे कर्मचारी ने युवती को लगाया चूना.. तोरवा थाने मे मामला दर्ज


डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र से ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां हाईवा ट्रक पार्टनरशिप का झांसा देकर एक युवती से 17 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
AI IMAGE

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थीया वैशाली सिरामे, निवासी मधुसूदन हाइट्स, हेमूनगर, थाना तोरवा ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी सचिन कुमार मानिकपुरी, जो उसी अपार्टमेंट के फ्लैट क्रमांक 304 में रहता है और रेलवे कर्मचारी है, ने मार्च 2025 में उनसे संपर्क किया। आरोपी ने कोरबा स्थित कोल माइंस में हाईवा ट्रक किराये पर चलाने और स्वयं के नाम से टेंडर पास होने का दावा करते हुए ट्रक खरीदने के लिए पार्टनरशिप का प्रस्ताव दिया।

आरोपी ने मुनाफा बराबर बांटने का भरोसा दिलाया और रायपुर हाईवे पर एक सेकेंड हैंड अशोक लेलैंड हाईवा ट्रक (ओडिशा पासिंग) दिखाया। हालांकि, एग्रीमेंट में छत्तीसगढ़ पासिंग का नंबर दर्ज कराया गया। आरोपी की बातों पर भरोसा कर प्रार्थीया और उनके परिजनों ने नगद व बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 17 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।

बाद में जब पीड़िता ने जांच की तो सामने आया कि जिस ट्रक को खरीदने की बात कही गई थी, वह खरीदा ही नहीं गया। पूछताछ करने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। स्वयं को ठगा हुआ महसूस होने पर वैशाली सिरामे ने थाना तोरवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सचिन कुमार मानिकपुरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 336(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि लेन-देन, दस्तावेजों और तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और विवेचना के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post