डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
जिला जीपीएम.....
मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनदहाड़े सूने मकान में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का मरवाही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस मामले में अंतर्राज्यीय पारधी गैंग की संलिप्तता सामने आई है।
प्रार्थी जीवन यादव पिता स्व. सी.एल. यादव (उम्र 55 वर्ष), निवासी बरेता वार्ड क्रमांक 13, मरवाही द्वारा दिनांक 10.12.2025 को थाना मरवाही में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 09.12.2025 को शाम लगभग 04:20 बजे से 05:10 बजे के मध्य अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे टीन शेड को तोड़कर मकान में प्रवेश किया। इसके बाद तीन अलग-अलग कमरों के दरवाजे व अलमारियों के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी कर ली गई।
चोरी गए माल में सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, बाली, झुमके, चेन, लॉकेट, चांदी के पायल, करधन, चूड़ा, बिछिया, कटोरी, चाबी छल्ले सहित कुल अनुमानित ₹7,50,000 मूल्य की संपत्ति शामिल है।
पुलिस कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री एस.आर. भगत (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओम चंदेल के निर्देशन में SDOP मरवाही श्री दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना मरवाही एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम द्वारा लगभग 10 विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। साइबर सेल द्वारा टॉवर डंप एवं CDR विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी पोंची उर्फ योगी पारधी, जसपाल सिंह पारधी एवं महराणा पारधी मध्यप्रदेश (भोपाल क्षेत्र) के निवासी हैं और संगठित पारधी गैंग के सदस्य हैं।
गिरफ्तारी व बरामदगी:
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम भोपाल (म.प्र.) पहुंची, जहां से आरोपी महराणा पारधी पिता सुरेश पारधी, उम्र 26 वर्ष, निवासी उनिदा, थाना गुनगा, जिला भोपाल को तलब कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी गए जेवरात को ग्राम कुटकीपुरा निवासी पपुआ उर्फ ज्ञान सिंह अहिरवार को ₹4,75,000 में बेचा गया तथा रकम आपस में बांट ली गई। आरोपी महराणा पारधी के पास से ₹19,000 नगद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
मुख्य आरोपी पोंची उर्फ योगी पारधी, जसपाल सिंह पारधी तथा माल खरीदने वाला पपुआ उर्फ ज्ञान सिंह अहिरवार फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आरोपीगण दीगर राज्य के निवासी हैं एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व से लिप्त रहे हैं, जिनके विरुद्ध थाना गुनगा, जिला भोपाल (म.प्र.) में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में विशेष भूमिका निभाने वाले अधिकारी/कर्मचारी:
निरीक्षक शनिप रात्रे (थाना प्रभारी मरवाही),
उप निरीक्षक श्यामलाल गढ़ेवाल,
सउनि चंदन सिंह,
प्रधान आरक्षक गुलाब सिंह,
आरक्षक मनोज मरावी, महिला आरक्षक कमलेश जगत,
साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव,
ASI मनोज हनौतिया,
प्रधान आरक्षक रवि तिवारी,
आरक्षक राजेश शर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा।