डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
रायपुर।
साइबर अपराधों के खिलाफ रायपुर रेंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत की गई कार्रवाई में शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय आरोपियों को मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के विरुद्ध देश के विभिन्न 115 थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
के निर्देश पर साइबर अपराधों में संलिप्त मुख्य आरोपियों के विरुद्ध तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर यह कार्रवाई की गई। पूरे अभियान का संचालन पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के मार्गदर्शन में किया गया।
केस 1 – शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख की ठगी
प्रार्थी विरल कुमार पटेल से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 40 लाख रुपये की ठगी की गई थी। थाना खम्हारडीह में दर्ज प्रकरण में तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी विपुल पाटने की पहचान हुई, जो फर्जी कंपनी यूनिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैंक खाता खोलकर ठगी की रकम प्राप्त करता था। आरोपी नागपुर में छिपकर रह रहा था। प्रयुक्त बैंक खाते में देश के 69 थानों/साइबर सेल में शिकायत दर्ज पाई गई है।
केस 2 – 30 लाख की शेयर ट्रेडिंग ठगी
प्रार्थी अंचित कुमार सिन्हा से 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में थाना पंडरी में अपराध दर्ज किया गया। जांच में आरोपी शोएब अख्तर की पहचान हुई, जो एस एस फ्रूट नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से बैंक खाते खोलकर धोखाधड़ी करता था। इस खाते से जुड़े 16 थानों में रिपोर्ट दर्ज है।
केस 3 – 46 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना आमानाका में दर्ज मामले में प्रार्थी राहुल कुमार से 46 लाख रुपये की ठगी की गई। बैंक खाता, मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप के तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी पूनमचंद्र वर्मा और कल्लू मंसूरी की पहचान हुई। दोनों फर्जी कंपनी के जरिए रकम प्राप्त कर रहे थे। इनके खातों से जुड़े 26 थानों में शिकायत दर्ज पाई गई है।
केस 4 – ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख की ठगी
प्रार्थी केयूरी मजीथीया से ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। थाना तेलीबांधा में दर्ज मामले में बैंक जानकारी और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी सुहैल अहमद की पहचान हुई। आरोपी के विरुद्ध केरल राज्य में भी रिपोर्ट दर्ज है।
केस 5 – 12 लाख की शेयर ट्रेडिंग ठगी
थाना उरला में दर्ज मामले में प्रार्थी खेमचंद पटेल से 12 लाख रुपये की ठगी की गई। मोबाइल सर्विस प्रदाता और व्हाट्सएप डेटा के विश्लेषण से आरोपी जयंत अहिरवार की पहचान हुई। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी प्रकरण दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
- जयंत अहिरवार, उम्र 23 वर्ष, इंदिरा कॉलोनी, सीहोर (मध्यप्रदेश)
- सुहैल अहमद, उम्र 31 वर्ष, पन्ना (मध्यप्रदेश)
- विपुल पाटने, उम्र 28 वर्ष, बांद्रा मुंबई, हाल मुकाम नागपुर
- पूनमचंद्र वर्मा, उम्र 54 वर्ष, जूनी इंदौर (मध्यप्रदेश)
- कल्लू मंसूरी, उम्र 46 वर्ष, जूनी इंदौर (मध्यप्रदेश)
- शोएब अख्तर, उम्र 27 वर्ष, छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश)
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है