डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर...
रायपुर पुलिस ने शहर में बढ़ रही बैग स्नेचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर आरोपी उत्तम रोचलानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर अलग–अलग थाना क्षेत्रों में चलती दोपहिया गाड़ियों से बैग छीनने की तीन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी रकम, चांदी का पायल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 23 नवंबर 2025 को थाना आजाद चौक क्षेत्र के आमापारा स्थित कारी तालाब के पास हुई, जहां एक्टिवा सवार महिला के हैंडल में टंगे बैग को बाइक सवार दो युवकों ने झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शातिर अपराधी उत्तम रोचलानी को चिन्हांकित कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने थाना कोतवाली क्षेत्र में 3 नवंबर को पेंशन बाड़ा स्थित एसबीआई बैंक के पास दंपति से बैग स्नेचिंग और थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में 21 नवंबर को स्कूटी सवार महिला से लैपटॉप और मोबाइल से भरा बैग झपटने की वारदात भी कबूल की।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी उत्तम रोचलानी के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में लूट और स्नेचिंग के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उसका एक अन्य साथी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चलती दोपहिया वाहन में बैग को आगे या खुले स्थान पर न रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।