धान खरीदी केंद्र में 28.52 लाख की हेराफेरी, आरोपी गिरफ्तार मस्तूरी पुलिस की त्वरित कार्यवाई

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...

मस्तुरी/बिलासपुर...
धान खरीदी में हेराफेरी कर शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने वाले आरोपी पर बिलासपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मामला थाना क्षेत्र के सेवा सहकारी समिति मर्यादित धान खरीदी केंद्र एरमसाही से जुड़ा है।


पुलिस के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी, बिलासपुर की ओर से प्राप्त लिखित शिकायत पर अपराध क्रमांक 821/2025 अंतर्गत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025 के दौरान धान खरीदी केंद्र एरमसाही के कंप्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खुटे ने जानबूझकर फर्जी धान खरीदी दर्शाते हुए अनियमितता की।

संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन में समिति केंद्र में 920 क्विंटल धान कम पाया गया। इस हेराफेरी से शासन को करीब 28 लाख 52 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई। जांच के दौरान आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी कांशी राम खुटे (उम्र 31 वर्ष), निवासी एरमसाही, थाना मस्तुरी को दिनांक 16.12.2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post