डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....
बिलासपुर। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर द्वारा लगातार चलाए जा रहे सख्त अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। स्टंटबाजी और सड़क पर लापरवाही दिखाने वालों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिरगिटटी पुलिस ने तिफरा ओवरब्रिज क्षेत्र से खतरनाक तरीके से स्टंट करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उज्जवल कौशिक (19 वर्ष), निवासी तिफरा काले रंग की खुली जीप क्रमांक OR 14 N 9559 के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट कर रहा है। इस दौरान उसका साथी निलेश वर्मा उर्फ रॉकी (19 वर्ष), उम्र 19 वर्ष, निवासी तिफरा पीछे बैठकर पूरे स्टंट का वीडियो बना रहा था। दोनों की यह हरकत न केवल उनकी अपनी जान के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी अत्यंत जानलेवा थी।
सूचना मिलते ही थाना सिरगिटटी पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और अपराध क्रमांक 631/2025 के तहत धारा 281, 3(5) बीएनएस एवं 184, 189 मोटर व्हीकल एक्ट में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की। इसके साथ ही दोनों आरोपियों पर पृथक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय सिटी मजिस्ट्रेट, बिलासपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जिले में स्टंटबाजी, सड़क पर जन्मदिन मनाने और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।
शहरवासियों ने बिलासपुर पुलिस की इस मुस्तैदी और तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि ऐसी सख्ती जरूरी है, ताकि युवाओं में कानून का डर बना रहे और आम लोगों की जान सुरक्षित रह सके।