शराब विवाद में हुई हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार, बिहार के मुंगेर से सिरगिट्टी पुलिस ने दबोचा

डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )....

बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी आकाश शर्मा को सिरगिट्टी पुलिस ने बिहार के मुंगेर जिला से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया है।


घटना दिनांक 12 अक्टूबर 2025 की है। सब्जी मंडी के पास शराब पिलाने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी साहिल साहू, आकाश शर्मा और एक विधि से संघर्षरत बालक ने किशन उर्फ खोख्सा तथा साहिल सोनकर पर लकड़ी के डंडे से जानलेवा हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल साहिल सोनकर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

इस मामले में थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 550/2025, धारा 109, 103(1), 3(5) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी साहिल साहू को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आकाश शर्मा लगातार स्थान बदलकर फरार चल रहा था।

पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की लोकेशन बिहार के मुंगेर जिले में मिलने पर विशेष टीम बनाकर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने 27 नवंबर 2025 को आरोपी आकाश शर्मा को मुंगेर से गिरफ्तार कर लिया और ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 10 BW 3206 तथा खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post