डेली न्यूज़ टाइम्स... (जिया उल्ला खान)
बिलासपुर...
सरकंडा थाना क्षेत्र में महिला संबंधी अपराध के एक गंभीर मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तेज कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 21 नवंबर 2025 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 19 नवंबर की शाम साइंस कॉलेज मैदान स्थित स्वदेशी मेला देखने गई थी। मेला देखकर रात लगभग 11 बजे जब वह घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसके पड़ोस में रहने वाला युवक रोहित यादव (22 वर्ष) मिला।
बताया गया कि आरोपी रोहित ने रास्ते में उसे रोककर अभद्र तरीके से बात करनी शुरू की और अपनी गर्लफ्रेंड से बात कराने की जबरदस्ती करने लगा। प्रार्थिया द्वारा मना करने और आगे बढ़ने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसके पास पहुंचा और गंदी नीयत से हाथ-बांह पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। किसी तरह खुद को छुड़ाकर पीड़िता वहां से घर पहुंची, लेकिन डर की वजह से उसने घटना की जानकारी उसी समय किसी को नहीं दी।
मामला तब गंभीर हुआ जब 21 नवंबर को आरोपी रोहित यादव फिर से पीड़िता के पास पहुंचा और धमकाने लगा कि—
“यदि किसी को बताया या रिपोर्ट की, तो जान से मार दूंगा।”
धमकी से भयभीत होकर पीड़िता थाने पहुंची और पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सरकंडा पुलिस सक्रिय हुई और घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) को दी गई। उन्होंने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की और साइंस कॉलेज के पास डबरीपारा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी रोहित यादव को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
सरकंडा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए आज 22 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।