सरकंडा पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, संदिग्ध की गतिविधियों ने खोला राज

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में अमृतुल्य चाय दुकान संचालक के किराए के मकान से 40 हजार रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 1,500 रुपए बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



क्या था मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गणेश यादव (पिता अर्जुन यादव), निवासी ग्राम बरेला, हाल मुकाम नूतन चौक सरकंडा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 नवंबर 2025 की सुबह करीब 7.30 बजे वह रोज की तरह अपने किराये के मकान में ताला लगाकर चाय दुकान चला गया था।
करीब 11.30 बजे जब वह नहाने के लिए वापस लौटा तो देखा कि उसके कमरे का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। बैग का चैन खुला हुआ था और उसमें रखे नगद 40,000 रुपये गायब थे।

अज्ञात चोर द्वारा नगदी चोरी करने की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।


संदिग्ध गतिविधि से खुली चोरी की गुत्थी

जांच के दौरान पुलिस को लगातार आरोपी की तलाश थी। तभी 19 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नूतन चौक क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है और बिना वजह पैसे खर्च कर ‘अमीरी’ दिखा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया। एसएसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल, सीएसपी सिविल लाइन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक प्रदीप आर्या के नेतृत्व में टीम बनाई गई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को पकड़ा और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम गणेश यादव, निवासी राजकिशोर नगर, हाल मुकाम ईरानी चौक चांटीडीह बताया।


कड़ाई से पूछताछ पर उगल दिए राज

पैसे खर्च करने के बारे में पूछताछ पर आरोपी गोल-मोल जवाब देने लगा। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने प्रार्थी के कमरे से 40,000 रुपए चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की गई रकम का अधिकांश हिस्सा खर्च कर दिया है।

उसके पास से नगद 1,500 रुपये बरामद हुए, जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


आगे की कार्रवाई

सरकंडा पुलिस ने आरोपी गणेश यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि लगातार छोटे-बड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post