डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान...
गौरेला:
वार्ड क्रमांक 13 के किसान ओम सिंह गोंड पिछले चार साल से अपनी जमीन के नामांतरण (फौती) को लेकर परेशान हैं। तहसील कार्यालय से लेकर पटवारी और वकील के चक्कर लगाते-लगाते किसान थक चुका है। आखिरकार अपनी व्यथा लेकर वह राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला कार्यालय पहुंचे।
मामले में किसान ने बताया कि कई वर्षों की मशक्कत के बाद उसकी जमीन की फौती तो उठ गई, लेकिन अब ऑनलाइन शासकीय रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार के लिए तीन साल से पेशी पर पेशी दी जा रही है। इस लापरवाही से तंग आकर किसान ने इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी से मदद की गुहार लगाई।
अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने किसान की पूरी बात ध्यान से सुनी और कहा कि,
“यह बहुत दुखद है कि एक छोटे से कार्य के लिए किसान और आदिवासी समाज को वर्षों तक परेशान होना पड़ता है। विभाग की यह घोर लापरवाही है। आज प्रशासन पूरी तरह फेल नजर आ रहा है।”
उन्होंने आगे बताया कि कई शिकायतें पहले भी कलेक्टर महोदया को भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंसारी ने कहा कि उन्होंने इस तरह के मामलों की पूरी फाइल तैयार कर रखी है, जिसे समय आने पर जनता के सामने रखा जाएगा।
किसान को भरोसा दिलाते हुए इंटक जिला अध्यक्ष ने बुधवार को कार्यालय बुलाया है, जहां इंटक परिवार के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि जल्द समाधान हो सके।