डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
थाना मरवाही क्षेत्र के ग्राम बहरीझोरकी नाका जंगल में पकड़े गए पशु तस्करी गिरोह के फरार मुख्य आरोपी जागेश्वर नायक निवासी ग्राम पीरीमहुआ, प्रेमनगर, जिला सूरजपुर (छ.ग.) को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दरअसल, 14 अक्टूबर 2025 को जिले के सक्रिय गौ सेवकों से सूचना मिली थी कि ग्राम मटियाडांड से कुछ तस्कर अवैध रूप से मवेशियों को मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक श्री सुरजन राम भगत के निर्देशन में थाना मरवाही की टीम ने घेराबंदी की थी।
कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी जागेश्वर नायक अपने कुछ साथियों के साथ जंगल की ओर फरार हो गया था।
इसके बाद एसडीओपी मरवाही दीपक मिश्रा के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक सनीप रात्रे एवं साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी व लगातार ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जागेश्वर नायक ही मवेशियों की खरीद, चरवाहों की व्यवस्था एवं उन्हें मध्यप्रदेश के बरघाट–लपटा–गढ़ही मार्ग से बूचड़खानों तक भेजने का कार्य संचालित करता था।
मौके पर पुलिस ने 11 मवेशी, 5 रस्सियां एवं 5 लाठियां भी जब्त की थीं।
आरोपी पर धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम 1960, तथा धारा 61(2), 112 बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मरवाही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अंतरराज्यीय पशु तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क और सक्रिय है।