गौरेला में अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री जोरों पर, आबकारी विभाग की घोर लापरवाही उजागर

डेली न्यूज़ टाइम्स.....

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही.... ( गौरेला)
जिले में इन दिनों अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आबकारी विभाग की ढिलाई और उदासीनता के कारण क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। इसी कड़ी में गौरेला के ग्राम गिरवर स्थित “पार्क होटल एंड रेस्टोरेंट” का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है, जहाँ पर संचालक दुर्गेश द्वारा खुलेआम अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध कारोबार कोई नया नहीं है, बल्कि कई वर्षों से यहाँ पर बाकायदा शराब बेची जा रही है और ग्राहकों को वहीं बैठाकर शराब पिलाई भी जाती है। बावजूद इसके, अब तक न तो आबकारी विभाग ने कोई छापामार कार्रवाई की है और न ही जिला प्रशासन ने इस गैरकानूनी गतिविधि को रोकने की ठोस पहल की है।



ढाबा संचालक दुर्गेश कर रहा नियमों की धज्जियाँ उड़ाकर अवैध शराब की बिक्री

ग्राम गिरवर के इस पार्क होटल एंड रेस्टोरेंट में अवैध शराब की बिक्री की खबरें लंबे समय से सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, संचालक दिनेश ऊँचे दामों पर शराब की बिक्री कर मोटा मुनाफा कमा रहा है। कई बार स्थानीय लोगों ने इस बारे में शिकायतें भी कीं, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा आज तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

यहां तक कि ढाबे में रोजाना शराब सेवन करने वाले लोगों की भीड़ दिखाई देती है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ भी बढ़ रही हैं। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध शराब बिक्री से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।


आबकारी विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है कि वह जिले में शराब बिक्री पर नियंत्रण रखे, परंतु विभागीय लापरवाही के चलते यह अवैध व्यापार खुलेआम जारी है। आश्चर्य की बात यह है कि जिस जगह पर खुलेआम शराब बेची जा रही है, वहाँ पर न तो निरीक्षण किया जा रहा है और न ही कोई कार्रवाई।

लोगों का कहना है कि यदि आबकारी विभाग समय-समय पर सख्त कार्रवाई करे तो इस तरह की गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जा सकती है। मगर विभाग की चुप्पी ने यह संकेत दे दिया है कि कहीं न कहीं इस अवैध कारोबार को संरक्षण प्राप्त है।


जनता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे ढाबों और होटलों पर कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था के लिए आवश्यक है, बल्कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

लोगों का यह भी कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर ऐसे सभी स्थलों पर छापा मारें, जहाँ नियमों की अनदेखी कर अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है।


अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसकी मेहरबानी से “पार्क होटल एंड रेस्टोरेंट” जैसे स्थलों पर आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं?
यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो यह न सिर्फ कानून की विफलता होगी बल्कि प्रशासनिक तंत्र की साख पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करेगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post