डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
रायपुर। थाना टिकरापारा क्षेत्र के लालपुर स्थित पटेल चौक के पास किराए के मकान में रह रही 23 वर्षीय नर्स प्रियंका दास की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से हल्दीबाड़ी, चिरमिरी (जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) निवासी प्रियंका दास रायपुर के एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। 09 अक्टूबर 2025 को उसके मकान में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतिका के हाथ में चाकू पकड़ा दिया और मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड सायबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाकर कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दुर्गेश वर्मा पिता तारन वर्मा (उम्र 21 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी, रायपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से प्रियंका दास के साथ प्रेम संबंध में था। उसे शक था कि प्रियंका किसी अन्य युवक से बात करती है, इसी शक के चलते उसने हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने सब्जी काटने का चाकू खरीदा और 8-9 अक्टूबर की दरम्यानी रात प्रियंका के घर जाकर विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 799/25, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से महज़ कुछ ही घंटों में हत्या का मामला सुलझाया गया।
विज्ञापन 👆