डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही...
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) डॉ. संजीव शुक्ला ने 23 एवं 24 अक्टूबर 2025 को दो दिवसीय प्रवास पर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) पुलिस की सभी इकाइयों का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना, रक्षित केंद्र और एसपी कार्यालय सहित जिले की सभी शाखाओं का सघन अवलोकन किया और पुलिसिंग व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
पहले दिन आईजीपी डॉ. शुक्ला ने थाना गौरेला का निरीक्षण कर बेसिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों जैसे सस्पेक्ट रजिस्टर, हिस्ट्री शीट, निगरानी सूची, गुंडा-बदमाश रजिस्टर आदि की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से चर्चा करते हुए इन अभिलेखों के अद्यतन और अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने नवीन कानूनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, पोर्टल्स व मोबाइल एप्लीकेशन के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
दूसरे दिन आईजीपी डॉ. शुक्ला ने रक्षित केंद्र पेंड्रा में परेड का निरीक्षण किया, जिसमें सभी थाना प्रभारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने बलवा ड्रिल, परेड कमांड, वेशभूषा तथा पुलिस बल की अनुशासन व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के वाहनों और शाखाओं का भी विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण उपरांत आयोजित सम्मेलन में आईजीपी डॉ. शुक्ला ने पुलिस कर्मचारियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना। स्थानांतरण, पदोन्नति, अवकाश जैसे मुद्दों पर मौके पर ही उचित दिशा-निर्देश दिए गए।
आईजीपी डॉ. संजीव शुक्ला ने अपने उद्बोधन में पुलिस कर्मियों को “छह सूत्रीय जीवन-संतुलन मंत्र” बताया—
1️⃣ आमजन के प्रति अच्छा व्यवहार,
2️⃣ शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई,
3️⃣ व्यक्तिगत व विभागीय अनुशासन,
4️⃣ डिजिटल प्रशिक्षण और नवीन कानूनों का अभ्यास,
5️⃣ व्यक्तिगत फिटनेस, तथा
6️⃣ परिवार व नौकरी के बीच संतुलन।
उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में वास्तविक सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा कर सकता है।”
निरीक्षण के दौरान एसपी एस.आर. भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, डीएसपी दीपक मिश्रा, डीएसपी निकिता तिवारी मिश्रा, डीएसपी श्याम सिदार, डीएसपी सत्यकला रामटेके सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।