डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
जिला जीपीएम...राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) का जिला कार्यालय मजदूरों और गरीब तबके के लिए अब वरदान साबित हो रहा है। ताज़ा मामला ग्राम पंचायत धरहर, मरवाही का है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक इलाज तो मरवाही उप-स्वास्थ्य केंद्र में हुआ, लेकिन बेहतर उपचार न मिलने पर मजदूरों को मजबूरी में निजी अस्पताल का सहारा लेना पड़ा। शासन की ओर से अब तक किसी तरह की सहायता न मिलने से परेशान परिवार ने इंटक पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बलराम देवगन से मदद की गुहार लगाई।
बलराम देवगन ने तत्परता दिखाते हुए मामला इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के संज्ञान में पहुंचाया। जानकारी मिलते ही अंसारी ने पीड़ित परिवार को जिला कार्यालय बुलाया, उनकी पूरी स्थिति जानी और शासन से न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि –
“आकाशीय बिजली से यदि इंसान या जानवर की मौत या चोट होती है तो शासन से मुआवजा दिया जाता है, लेकिन अफसोस है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस पर ध्यान नहीं देते।”
अध्यक्ष अंसारी ने मरवाही तहसीलदार मैडम शर्मा को फोन पर घटना से अवगत कराया और मजदूर परिवार को मुआवजा दिलाने की बात रखी। साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष बलराम देवगन को निर्देशित किया कि पटवारी से पंचनामा बनवाकर थाने में शिकायत दर्ज कराएं और समस्त दस्तावेज तहसीलदार कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि शासन से सहायता राशि शीघ्र मिल सके।
इसी के साथ एक अन्य प्रकरण में मजदूर सुखदेव की शिकायत पर भी इंटक ने तत्काल पहल करते हुए उसकी ₹15,000 मजदूरी दिलवाई।
इंटक कार्यालय में दूर-दराज़ से रोज़ मजदूर अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई भी की जाती है। यही कारण है कि गरीब, मजदूर, किसान और आदिवासी वर्ग का भरोसा इंटक परिवार में लगातार बढ़ता जा रहा है।