डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर.....
बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में मुस्लिम महिला जमात द्वारा पहली बार एक भव्य जलसे का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जलसे का मुख्य उद्देश्य पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को समाज तक पहुँचाना और नई पीढ़ी को इस्लामिक मूल्यों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरआन से हुई।
इसके बाद नन्हें-मुन्ने बच्चों ने नात और कलाम पेश किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल रूहानी और भावपूर्ण हो उठा। महिलाओं ने भी ईद मिलादुन्नबी के महत्व और इस दिन के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व पर अपनी बात कही।
जलसे में उपस्थित बच्चों और महिलाओं ने यह संकल्प लिया कि वे हजरत पैगम्बर मोहम्मद ﷺ द्वारा बताए गए इस्लामी आदर्शों और शिक्षाओं का अपने दैनिक जीवन में पालन करेंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से इस्लामिक जानकारी से जुड़े प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का आयोजन किया गया। बच्चों और महिलाओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही उत्तर देने वालों को इनाम देकर उनकी हौसला अफजाई की गई। इससे प्रतिभागियों में ज्ञान अर्जित करने और धार्मिक शिक्षाओं को समझने की उत्सुकता और बढ़ी। मुस्लिम महिला जमात कोनी की सदस्यों ने बताया कि इस तरह का कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया है और इसका उद्देश्य न केवल ईद मिलादुन्नबी का उत्सव मनाना है, बल्कि समाज और विशेषकर नई पीढ़ी में इस्लाम की बुनियादी शिक्षाओं और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता लाना भी है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाएंगे ताकि बच्चों और महिलाओं को मंच मिल सके और वे अपनी प्रतिभा के साथ-साथ धार्मिक ज्ञान में भी वृद्धि कर सकें। जलसे का समापन दुआ-ए-खैर के साथ हुआ, जिसमें देश और समाज में अमन-चैन, भाईचारा और आपसी मोहब्बत की दुआ की गई।