डेली न्यूज़ टाइम्स के लिए एलविन प्रधान की रिपोर्ट.....
बिलासपुर/सकरी। सकरी थाना क्षेत्र के भरनी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में लोरमी निवासी विद्या तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतका के पार्थिव शरीर को पंचनामा कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।