डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में अवैध गांजा बिक्री की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 3 किलो 740 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 56,250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी शहर राजेन्द्र जायसवाल व सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित कर काली मंदिर, चिंगराजपारा क्षेत्र में रेड की गई।
रेड के दौरान मौके से राजेन्द्र साहू (20 वर्ष) निवासी चिंगराजपारा और संध्या सिंह ठाकुर (29 वर्ष) निवासी सूर्या चौक, चिंगराजपारा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान राजेन्द्र साहू के पास से 1 किलो 150 ग्राम गांजा व 1600 रुपये नगद और संध्या के पास से 2 किलो 590 ग्राम गांजा व 4650 रुपये नगद बरामद किया गया।
पूछताछ में संध्या ने खुलासा किया कि उसका पति सतीश सिंह ठाकुर उर्फ धन्नू गांजा लाकर बिक्री के लिए देता था। पुलिस ने उसकी भी तलाश की, लेकिन वह फरार पाया गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20बी, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।