सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल: मुस्लिम युवक की पहल से वर्षों से अधूरा नागेश्वर महादेव मंदिर हुआ पूर्ण

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान.....

बिलासपुर। सूर्या चौक, चिंगराज पारा में वर्षों से अधूरा पड़ा नागेश्वर महादेव मंदिर अब अपने भव्य रूप में श्रद्धालुओं के लिए खुल गया। यह अद्भुत कार्य मुस्लिम युवक मुशर्रफ खान की पहल और पूरे समाज के सहयोग से संभव हुआ, जिसने शहर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।


करीब 15–20 वर्ष पहले मोहल्लेवासियों ने मेन रोड पर बड़े मंदिर के निर्माण की योजना बनाई थी, लेकिन किसी कारणवश निर्माण अधूरा रह गया। समय बीतने के बावजूद मोहल्लेवासियों के मन में इसे पूर्ण करने की इच्छा बनी रही। इसी बीच, मुसरफ खान ने ठान लिया कि वे मंदिर को पूर्ण कराकर मूर्ति स्थापना तक की प्रक्रिया संपन्न करेंगे।

मंदिर निर्माण की परंपराओं की जानकारी जुटाने के बाद, उन्होंने पार्षद रेखा सूर्यवंशी और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर धन जुटाने की मुहिम शुरू की। बीजेपी नेता राजू सोनकर ने टाइल्स और पेंट का खर्च उठाया, जबकि कान्हा स्टील ने स्टील रेलिंग का सहयोग दिया। मुख्य शिवलिंग और मूर्ति का खर्च बंधवा पारा के वैष्णव परिवार ने अपने दिवंगत सदस्य स्व. लछमण वैष्णव की स्मृति में उठाया और जबलपुर से मूर्ति भेंट की।

बेलतरा विधायक सुशांत सिंह हुए शामिल...

सावन के अंतिम सोमवार को पूरे विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई और नागेश्वर महादेव मंदिर ने अपनी भव्य पहचान के साथ श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोल दिए। इस अवसर पर मोहल्लेवासी और आसपास के लोग भक्ति, उल्लास और आपसी प्रेम से सराबोर रहे।

यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि नेक इरादों और इंसानियत के आगे धर्म और जाति की सीमाएं मायने नहीं रखतीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post