डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
जांजगीर चांपा.....
जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 1 अगस्त को दिनदहाड़े हुई 11 लाख 79 हजार 800 रुपये की कथित लूट की घटना ने सनसनी फैला दी थी। लेकिन पुलिस की सतर्कता, त्वरित जांच और साइबर टीम की कुशलता से यह स्पष्ट हुआ कि यह लूट की वारदात पूरी तरह फर्जी थी और इसका मास्टरमाइंड खुद कथित पीड़ित दीपेश देवांगन ही था।
घटना का झूठा नाटक:
सूचनाकर्ता दीपेश देवांगन पिता शत्रुघ्न देवांगन (उम्र 25 वर्ष), निवासी चोरिया, थाना सारागांव ने 1 अगस्त की शाम 5 बजे थाना बम्हनीडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम करनौद के व्यवसायिक परिचित किरीत सिन्हा से ₹11,79,800 लेकर यूनियन बैंक, चांपा में जमा करने जा रहा था। इस दौरान ग्राम पूछेली के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने मारपीट कर रुपयों और लैपटॉप की लूट की।
पुलिस की जांच में आया बड़ा खुलासा:
बम्हनीडीह पुलिस द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर जिले भर में नाकेबंदी की गई और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू हुई। घटनास्थल पर कोई लूटपाट के निशान नहीं मिले। दीपेश की सूचना देने में देरी, उसके बयानों में विरोधाभास और असंतोषजनक उत्तरों के कारण पुलिस को संदेह हुआ। जब उससे मनोवैज्ञानिक ढंग से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सच उगल दिया।
8 लाख के कर्ज से बचने गढ़ी झूठी कहानी:
दीपेश ने स्वीकार किया कि वह करीब 8 लाख रुपये के कर्ज में डूबा था, जिससे उबरने के लिए उसने ₹11.79 लाख का गबन कर झूठी लूट की कहानी रची। वह वर्ष 2018 से लेन-देन, अकाउंटिंग और हवाला जैसे कार्यों से जुड़ा रहा है।
कानूनी कार्यवाही और जब्ती:
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 70/2025 के तहत धारा 217, 316(2) BNS (पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करना) एवं अमानत में खयानत की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ की। आरोपी के घर से ₹11,79,800 नकद राशि एवं लैपटॉप जब्त किया गया।
जिला पुलिस की अपील:
जिला पुलिस जांजगीर-चांपा आम नागरिकों से अपील करती है कि झूठी सूचना देकर पुलिस व प्रशासन को गुमराह न करें। ऐसा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में योगदान देने वाली टीम:
- निरीक्षक सागर पाठक, साइबर सेल प्रभारी
- सउनि विवेक सिंह
- आरक्षक सहबाज खान, प्रदीप दुबे, श्रीकांत सिंह, रोहित कहरा
- थाना बम्हनीडीह से सउनि नीलमणि कुसुम