डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में अरपा नदी के पचारी घाट पर युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव को नदी किनारे पड़ा देखा और तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो मूलतः सीपत का निवासी था और वर्तमान में चिंगराजपारा में रह रहा था। खास बात यह है कि राजेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट सरकंडा थाना में पहले से दर्ज थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि संभवतः मौत डूबने से हुई है, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशान हत्या की आशंका भी पैदा कर रहे हैं।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि मृतक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और किन परिस्थितियों में वह नदी किनारे पहुंचा।
घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।