डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में जमीन की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें अनुज मिश्रा द्वारा फर्जी दस्तावेजों के सहारे पैतृक भूमि की रजिस्ट्री करवाई गई। मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ताजा कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले साइबर कैफे संचालक को भी गिरफ़्तार किया है।
प्रार्थी प्रकाश दुबे ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम खमतराई स्थित उसकी पैतृक भूमि (खसरा क्रमांक 672, रकबा 56 डिसमिल) को बिना जानकारी के किसी अन्य के नाम पर बेच दिया गया है। जांच में सामने आया कि अनुज मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, प्रार्थी के दिवंगत पिता की जगह एक अन्य व्यक्ति भैयालाल सूर्यवंशी को खड़ा कर रजिस्ट्री करवा दी।
पुलिस ने अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी अनुज मिश्रा, राहुल पटवा, प्रियांशु मिश्रा, अभिषेक दुबे, मंगलदास पंडो, रामगोविंद पटवा और अब हाल ही में दीपक कुमार साहू को गिरफ़्तार किया है। दीपक साहू महामाया साइबर कैफे, राजेन्द्र नगर का संचालक है, जिसने जनवरी 2025 में फर्जी आधार कार्ड बनाकर रजिस्ट्री में उपयोग करवाया था।
पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में प्रयुक्त कम्प्यूटर सेट, कलर प्रिंटर व अन्य उपकरणों को भी ज़ब्त कर लिया है। आरोपी दीपक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुख्य आरोपी: अनुज मिश्रा
पता: एमआईजी 278/16, डॉ. दीक्षित गली, शक्ति चौक, राजकिशोर नगर, सरकंडा
सरकंडा पुलिस की टीम द्वारा इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूरे प्रकरण की गहन विवेचना जारी है।