थाना मंदिर हसौद पुलिस की बड़ी सफलता – लाखों की चोरी का खुलासा, शातिर नकबजन अशोक चंद्रवंशी गिरफ्तार


रायपुर, 24 जुलाई 2025
थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरूद में हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर नकबजन अशोक चंद्रवंशी उर्फ मुस्सू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 8 लाख 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।


घटना का विवरण

प्रार्थी अशोक कुमार सोनवानी, जो कि सिविल कोर्ट रायपुर में वकील हैं, ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जुलाई की रात वे अपने कुरूद स्थित मकान में ताला लगाकर कचना स्थित अपने दूसरे मकान में पत्नी और बच्चों के पास चले गए थे।
10 जुलाई की सुबह जब वे वापस लौटे, तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बंद था लेकिन अंदर बेडरूम का ताला और ड्रेसिंग टेबल का लॉक टूटा हुआ था। आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और लाखों रुपये नकद चोरी हो चुके थे।

पुलिस की सक्रियता

घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।

तरीका वारदात के आधार पर हाल ही में जेल से रिहा हुए अपराधियों की सूची खंगाली गई, जिसके बाद अशोक चंद्रवंशी की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी कार्तिक ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया


आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी अशोक चंद्रवंशी उर्फ मुस्सू पूर्व में भी चोरी, आबकारी अधिनियम और मारपीट जैसे मामलों में जेल जा चुका है। वह थाना मंदिर हसौद का जाना-पहचाना अपराधी है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

इस मामले में शामिल दूसरा आरोपी कार्तिक ध्रुव अभी फरार है, जिसकी पतासाजी के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

  • नाम: अशोक चंद्रवंशी उर्फ मुस्सू
  • पिता का नाम: बलीराम चंद्रवंशी
  • उम्र: 26 वर्ष
  • निवासी: ग्राम कुरूद, भाठापारा, थाना मंदिर हसौद, रायपुर

टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीष यादव (थाना प्रभारी मंदिर हसौद), निरीक्षक परेश कुमार पांडे (एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट), प्र.आर. वीरेन्द्र भार्गव, जसवंत सोनी, आर. तुकेश निषाद, लक्ष्मी नारायण साहू, मुनीर रज़ा, प्र.आर. मोहन तिवारी, ऐश्वर्य मारकंडेय, आर. राकेश साहू और युवराज पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


📌 पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post