डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान..
बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के नवापारा स्थित जंगल के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान कैलाश ध्रुव (27 वर्ष), निवासी नवापारा के रूप में की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैलाश 11 जुलाई की रात अपने कुछ साथियों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जंगल के पास सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान युवक का शव बरामद हुआ।
घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्ध युवकों को चिन्हित कर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का खुलासा होगा।
थाना सिरगिट्टी पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।