तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का कहर: दो की मौत, चालक राहुल यादव गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

कोरबा....
03 जुलाई की रात करीब 10:25 बजे इंदिरा चौक से बुधवारी रोड की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने दो अलग-अलग स्थानों पर एक्सीडेंट कर दिया। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक को रायपुर रेफर किया गया है।


कार चालक की पहचान राहुल यादव पिता स्व. संगीत कुमार यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ढेगुरनाला, वार्ड क्रमांक 18, कोहड़िया के रूप में हुई है। आरोपी सीएसईबी कोरबा में कार्यरत है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

ऐसे हुई घटना

03 जुलाई की रात लगभग 10 बजे मोहम्मद इसराईल (70), निवासी पथरीपारा, टीवीएस एक्सल से निहारिका से अपने घर जा रहे थे। इसी समय विशाल बड़ा, निवासी डिंगापुर, और छोटेलाल साहनी (45), निवासी राजीव बिहार रामपुर, भी अपने-अपने वाहनों से घर लौट रहे थे।

इंदिरा चौक के पास विशाल डेयरी के सामने राहुल यादव ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक कार चलाते हुए पहले मोहम्मद इसराईल, फिर विशाल बड़ा और उसके बाद छोटेलाल साहनी को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक बुधवारी रोड की ओर भागते हुए साहू समोसा दुकान के पास दोपहिया वाहन चालक रवि कंवर और एक बच्चे को भी कुचलते हुए खंभे से टकरा गया।

तत्काल राहत और कार्रवाई

घटना की सूचना पर सिविल लाइन, बाल्को, कोतवाली, सीएसईबी और मानिकपुर थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को डायल 112 और अन्य साधनों की मदद से जिला चिकित्सालय और एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान मोहम्मद इसराईल और छोटेलाल साहनी की मौत हो गई, अन्य घायलों का उपचार जारी है।

आरोपी राहुल यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 392/25 धारा 110, 105 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 04 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

जांच टीम का योगदान

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रमोद डनसेना, सहायक उपनिरीक्षक दुर्गेश राठौर, प्रधान आरक्षक आकाश शर्मा, आरक्षक योगेश राजपूत, जितेंद्र सोनी और संदीप भगत ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post