डेली न्यूज़ टाइम्स... डेस्क खबर/जिला जीपीएम...
गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 5 में सात दिन पहले बनाई गई सीसी रोड पहली ही बारिश में उखड़ गई। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाया है।
लोगों का कहना है कि काम में गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिसका नतीजा पहली बारिश में ही सामने आ गया। सड़क की हालत देखकर लोग बेहद नाराज हैं। यह पहला मामला नहीं है — इससे पहले वार्ड क्रमांक 3 में हुए सीसी रोड निर्माण पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
जब इस मामले में नगर पालिका के सीएमओ से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल लगातार व्यस्त मिला। व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश का भी कोई उत्तर नहीं मिला।
स्थानीय जनता अब नगर पालिका प्रशासन से जवाब और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।