डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बालोद, 05 जुलाई 2025 — अल्ट्राटेक कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर मिलावटी सीमेंट बेचने वाले आरोपी विजय चंद धाक को अर्जुन्दा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में मिलावटी सीमेंट और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है।
मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के फिल्ड ऑफिसर विशाल मंडल ने थाना अर्जुन्दा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मोहदीपाठ में स्थित वैभव ट्रेडर्स के संचालक विजय चंद्र धाक द्वारा खुद की फ्लाई एश ब्रिक्स कंपनी में अल्ट्राटेक का नकली मार्का लगाकर सीमेंट तैयार किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जोगेन्द्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मोहदीपाठ स्थित वैभव ट्रेडर्स में दबिश दी। मौके से अल्ट्राटेक ब्रांड के 25 बैग सीमेंट जब्त किए गए, जिन्हें कंपनी अधिकारी द्वारा मिलावटी बताया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी विजय चंद्र धाक को साथ लेकर ग्राम गब्दी स्थित उसकी फ्लाई एश ईंट निर्माण कंपनी ‘धाक ब्रिक्स’ में छापा मारा। यहां से बड़ी मात्रा में फ्लाई एश, मिलावटी सीमेंट से भरे बैग, खाली बैग, सीमेंट मिलाने की मशीन, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
जब्त सामग्री:
- अल्ट्राटेक के मार्का के 584 बैग मिलावटी सीमेंट — कुल कीमत ₹1,69,330
- सीमेंट मिलाने के उपकरण: प्लास्टिक टब, पाइप, लोहे का एंगल आदि
आरोपी विवरण:
- नाम: विजय चंद धाक
- पिता: स्व. खेदुराम देवांगन
- उम्र: 62 वर्ष
- निवासी: मोहदीपाठ, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 106/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस, 63 व 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू, प्र.आर. छत्रपाल डहरिया, आरक्षक दमन वर्मा, पंकज तारम, उमेश पाण्डेय, तेजराम साहू और अंकेश्वर श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।