हत्या की वारदात में सगे भाई गिरफ्तार, घर आने-जाने के विवाद में ली जान

डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान...

रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के भवानी नगर में घर आने-जाने के पुराने विवाद में दो सगे भाइयों ने युवक की हत्या कर दी। घटना के चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के अनुसार भवानी नगर निवासी ललित राव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा सुनील राव मोहल्ले के राहुल यादव और ओम प्रकाश यादव से पुराने विवाद को लेकर उलझता रहा था। 19 जुलाई की रात करीब साढ़े 9 बजे सुनील राव खदान के पास खाली मैदान में गया था। वहां दोनों आरोपी पहले से मौजूद थे। उन्होंने सुनील राव को गालियां देते हुए रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी व थाना प्रभारी खम्हारडीह वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई और कुछ घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक सुनील राव उनकी अनुपस्थिति में उनके घर आता-जाता था, जिसे लेकर मना किया गया था। इसी बात पर गुस्से में आकर दोनों भाइयों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रॉड और कुल्हाड़ी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 164/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राहुल यादव उर्फ दादू पिता स्व. कमलेश यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी भवानी नगर, थाना खम्हारडीह।
  2. ओम प्रकाश उर्फ प्रकाश उर्फ साधू पिता स्व. कमलेश यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी भवानी नगर, थाना खम्हारडीह।

Post a Comment

Previous Post Next Post