डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...बिलासपुर..
सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। लगभग एक वर्ष पूर्व गायब हुई नाबालिग बालिका को सरकंडा पुलिस ने कवर्धा से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी अजय कुमार ठाकुर (उम्र 26 वर्ष), निवासी मठपारा, कवर्धा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने 03 मई 2025 को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी अचानक घर से गायब हो गई है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण की आशंका जताई गई थी। इस रिपोर्ट पर धारा 363, 366, 376(2)(एन) भादवि एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत गुमशुदा बच्चों की पतासाजी हेतु सघन प्रयास किए जा रहे थे। साइबर सेल की तकनीकी मदद से टीम को यह सूचना मिली कि बालिका कवर्धा में आरोपी अजय कुमार ठाकुर के साथ है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल व नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम रवाना की गई।
कवर्धा में छापेमारी कर पुलिस ने नाबालिग बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और कई बार उसके साथ शारीरिक शोषण किया।
साक्ष्यों और पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी अजय कुमार ठाकुर को विधिवत गिरफ्तार कर 25 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।