डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान.....
मुंगेली। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए BMO कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी को 54 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तखतपुर के एक होटल में की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम फंदवानी निवासी ललित सोनवानी, जो हाल ही में स्वास्थ्य विभाग से पर्यवेक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने ACB से शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी ने उनसे ₹60 हजार की रिश्वत मांगी थी। इससे पहले भी ललित सोनवानी अकाउंटेंट को ₹7 हजार की रकम दे चुके थे।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और सोमवार को तखतपुर के एक होटल से बृजेश सोनवानी को रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि मुंगेली जिले में पिछले कुछ महीनों में ACB की यह छठवीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और बिजली विभाग में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी ACB ने कार्रवाई की है।