डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
रायपुर.....
रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट और इलास्ट्रीक रन कोरियर के जरिए घातक चाकू मंगवाकर लूट, हत्या व हत्या के प्रयास करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोरियर कंपनी के कर्मचारियों ने चाकू डिलीवर किया था। इस लापरवाही के चलते दोनों कंपनियों के 6 अधिकारी-कर्मचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मुख्य खबर:
थाना मंदिर हसौद में दर्ज अपराध क्रमांक 291/2025 के तहत कुनाल तिवारी और समीर टंडन ने फ्लिपकार्ट से ऑनलाइन घातक चाकू मंगवाया था। जांच में पाया गया कि इलास्ट्रीक रन कोरियर कंपनी के कर्मचारी ने चाकू की डिलीवरी की थी। यही चाकू आरोपियों ने लूट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में इस्तेमाल किया।
पुलिस जांच में आरोपी कुनाल तिवारी के मोबाइल से दो अन्य चाकू ऑनलाइन मंगाने के प्रमाण भी मिले हैं। जबकि पहले ही पुलिस ने सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को ऐसे घातक हथियारों की बिक्री व डिलीवरी पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए थे।
फिर भी फ्लिपकार्ट और इलास्ट्रीक रन कोरियर के जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही करते रहे। कोरियर कंपनी के डिलीवरी कर्मी ने पार्सल में चाकू होने की जानकारी होने के बावजूद ग्राहकों तक डिलीवरी की, जिससे आरोपियों को अपराध करने का मौका मिला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मंदिर हसौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी से जुड़े 6 लोगों को गिरफ्तार किया:
- गुलरेज अली, टिकरापारा रायपुर
- मोहित कुमार, पंडरी रायपुर
- अभिजीत गोस्वामी, कोटा रायपुर
- दिनेश कुमार, अमलेश्वर दुर्ग
- हरीशंकर साहू, अभनपुर रायपुर
- आलोक साहू, पंडरी रायपुर
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है। संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।