डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर — सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर पुलिस ने शनिवार शाम रिवर व्यू क्षेत्र में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट चलने वाले दोपहिया वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चला, जिसमें पुलिस ने क्षेत्र की दोनों दिशाओं से घेराबंदी करते हुए वाहन चालकों की आकस्मिक जांच की
अभियान के दौरान बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कुल 5 संदिग्ध दोपहिया वाहन जप्त किए गए, जिन पर कोई वैध नंबर प्लेट या पहचान चिन्ह नहीं था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इनका उपयोग आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है। मामले की अग्रिम जांच जारी है।
इसके अतिरिक्त, 17 अन्य वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की गई। ये वाहन या तो बिना नंबर प्लेट के थे या फिर इन पर नियमों के विरुद्ध फर्जी या अपठनीय नंबर प्लेट पाई गई।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब 'Zero Tolerance' की नीति अपनाई जाएगी। ऐसे मामलों में न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस की अपील: वाहन मालिक अपने वाहन पर स्पष्ट, मानक और वैध नंबर प्लेट लगाएं। यदि कोई जानबूझकर नंबर हटाता है या फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।