डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने झपटमारी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झपटमारी करने वाले तीन आरोपियों समेत खरीदी करने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये कीमत का सोने का चेन और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त की गई है
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को राजकिशोर नगर निवासी उमा देवी गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम 5.25 बजे जब वह अपनी पोती को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं, तभी दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनके गले से करीब 13 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसी बीच 17 जुलाई को सूचना मिली कि ग्राम चिल्हाटी में तीन युवक पल्सर बाइक के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे व एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक अजहरुद्दीन के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ा।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम गुलशन कुमार, पप्पू यादव व मंजित नट बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने राजकिशोर नगर में झपटमारी करना स्वीकार किया और बताया कि चेन को पत्थलगांव के तुलसीराम सोनी नामक सुनार को बेचा था।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुनार तुलसीराम सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके पास से झपटमारी में खरीदी गई चेन बरामद कर ली। साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- गुलशन कुमार पिता रोशन लाल, उम्र 29 वर्ष, निवासी शिवपुरी, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
- पप्पू यादव पिता स्व. मुरली यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी नयाटोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार।
- मंजित कुमार नट पिता कान्हाराम नट, उम्र 27 वर्ष, निवासी दिवानपुर, पत्थलगांव, जिला जशपुर।
- तुलसीराम सोनी पिता स्व. संतराम सोनी, उम्र 55 वर्ष, निवासी बर्फ फैक्ट्री के पास, पत्थलगांव, जशपुर।
इस कार्यवाही में पुलिस टीम का विशेष योगदान:
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे, निरीक्षक अज़हरुद्दीन, प्रआर प्रमोद सिंह, प्रआर बलवीर सिंह, प्रआर आतिश पारिख, प्रआर देवमून पुहुप, आरक्षक निखिल जाधव, विवेक राय, सत्य पाटले, प्रेम सूर्यवंशी, संजीव जांगड़े एवं विकास यादव का सराहनीय योगदान रहा।