डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर।
सरकंडा थाना क्षेत्र में एक आर्मी जवान से मल्टी मिलियन डॉलर प्रोजेक्ट और माइक्रोसाफ्ट कंपनी का लाइसेंस दिलाने के नाम पर की गई ₹3 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ईश्वरी साहू (उम्र 48 वर्ष), निवासी ईमलीभाठा, सरकंडा, के खाते में यह रकम ट्रांजैक्ट की गई थी।
क्या है मामला?
प्रार्थी सोमेश सिंह, जो भारतीय सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत है, ने शिकायत में बताया कि राजू साहू नामक व्यक्ति, जो खुद भी पूर्व में सेना में कार्यरत था, ने फोन पर संपर्क कर उसे मल्टी मिलियन डॉलर प्रोजेक्ट में काम करने का प्रस्ताव दिया।
सरकारी सेवा में होने के कारण जब प्रार्थी ने इंकार किया, तो आरोपी ने उसे कहा कि वह अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम से काम करवा सकता है। झांसे में आकर प्रार्थी ने किस्तों में ₹1.5 लाख व ₹1.5 लाख कुल ₹3 लाख की रकम आरोपी की मां ईश्वरी साहू के ICICI बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी।
जब प्रार्थी ने प्रोजेक्ट व लाइसेंस की जानकारी मांगी तो आरोपी टालता रहा और बाद में धमकाने लगा कि पाकिस्तान के खाते से उसके अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर देगा और फंसा देगा।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1003/2025, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला ईश्वरी साहू को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि ₹1.5 लाख की रकम उसके खाते में आई थी और बताया कि उसका बेटा राजू साहू दिल्ली में ऑनलाइन मार्केटिंग का काम करता है।
पुलिस अब मुख्य आरोपी राजू साहू की तलाश में जुटी है।
📍 सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से एक संगठित ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ है, जिससे आम नागरिकों को सावधानी बरतने की सीख मिलती है।