सरकंडा पुलिस की तत्परता: मेडिकल दुकान में चोरी करने वाला नाबालिक चोर 2 घंटे में गिरफ्तार, नगद 23500 रुपए बरामद

डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान....

बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने मेडिकल दुकान में चोरी की घटना को महज 2 घंटे में सुलझाते हुए नाबालिक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिक से चोरी की गई नगदी में से 23,500 रुपए बरामद कर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।


मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के साइंस कॉलेज रोड चांटीडीह स्थित मां शारदा मेडिकल स्टोर का है। दुकान संचालक उमाशंकर प्रसाद ने 14 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में दुकान बंद कर घर गया था, अगली सुबह जब दुकान पहुंचा तो सटर खुला था और गल्ले में रखे 25,000 रुपए गायब थे।

सरकंडा पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें किसानपारा क्षेत्र का एक नाबालिक संदेही नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, सीएसपी सिद्धार्थ बघेल एवं थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर नाबालिक को परिजनों सहित तलब किया गया।

पूछताछ में नाबालिक ने चोरी करना स्वीकारते हुए बताया कि चोरी की रकम में से 1500 रुपए खर्च कर चुका है जबकि 23,500 रुपए उसने छुपाकर रखे थे। पुलिस ने रकम बरामद कर ली है और नाबालिक को विधिवत बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 966/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post