डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर/तखतपुर – तखतपुर थाना क्षेत्र के बिनोरी मोड़ के पास सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक ग्राम काठाकोनी के निवासी थे और बिलासपुर में प्लंबिंग का काम करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन रात्रे, सुरेश वासुदेव, विजय राजपूत, मोनू यादव और जयंत वैष्णव रोज की तरह अपने काम पर बिलासपुर गए हुए थे। काम खत्म करने के बाद सभी एक ही कार (क्रमांक CG 10 AF 2097) से अपने गांव लौट रहे थे। बिनोरी मोड़ पर तेज रफ्तार के चलते चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे की दीवार से जा टकराई।
मौके पर ही तीन की मौत, दो की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन रात्रे, सुरेश वासुदेव और विजय राजपूत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मोनू यादव और जयंत वैष्णव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तखतपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, रफ्तार बनी हादसे की वजह
हादसे की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मोड़ पर कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हो गया। स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की है कि बिनोरी मोड़ अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनता रहा है।
गांव में मातम का माहौल
इस हादसे से ग्राम काठाकोनी में मातम छा गया है। तीन युवा साथियों की एक साथ मौत की खबर से पूरा गांव शोक में डूब गया है। परिजन और ग्रामीणों का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे ने कई परिवारों को गहरा जख्म दे दिया है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।
स्थानीय प्रशासन से सड़क सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिनोरी मोड़ पर सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।