डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बालोद। जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंकालिन मंदिर के पीछे 18 जून 2025 को हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी प्रवीण कुमार कुंजाम (उम्र 34 वर्ष), निवासी धानापुरी थाना गुरूर को पुलिस ने 20 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना का विवरण
18 जून को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कंकालिन मंदिर के पीछे स्थित गेट के पास एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मृतक की पहचान सरदार सिंह, निवासी लक्ष्मीपुरा थाना रतनगढ़ जिला नीमच (म.प्र.) के रूप में हुई। मृतक के पुत्र लक्ष्मण गोंड ने बताया कि वह ठेकेदार के अधीन मुरूम डालने का कार्य करता है और घटना के समय वह निजी काम से भानुप्रतापपुर गया हुआ था। शाम 5:30 बजे छोटे भाई भीम सिंह ने फोन कर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पिता की हत्या कर दी है। शाम करीब 7 बजे वह घटनास्थल पर पहुंचा, जहां उसके पिता का शव खून से लथपथ हालत में मिला।
तीन विशेष टीम गठित
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में तीन टीम गठित की गई — जिनमें गुरूर थाना, पुरूर थाना और साइबर सेल की टीमें शामिल थीं। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार कुंजाम के रूप में हुई और उसका लोकेशन कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में मिला। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।
हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह 16 जून को मृतक सरदार सिंह के पास खाना बनाने का काम कर रहा था। मृतक द्वारा खाना ठीक न बनने पर उसे डांट दिया गया और यह कहा गया कि उसे अब काम पर नहीं रखा जाएगा। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी ने मौके पर मौजूद टंगिया (कुल्हाड़ी) से सरदार सिंह की गर्दन के पीछे वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
सबूत और जब्ती
आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया और घटना के समय पहने हुए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को 20 जून को दोपहर 2:30 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जांच में लगे अधिकारियों की भूमिका सराहनीय
इस पूरे प्रकरण की जांच में गुरूर थाना से निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि कुलेश्वर यादव, प्रआरक्षक राकेश साहू, आरक्षक कोमल साहू, गुलाब किशोर, थाना पुरूर से निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक लिखन साहू और साइबर सेल बालोद से प्रभारी जोगेन्द्र साहू, प्रआरक्षक भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक राहुल मनहरे, संदीप यादव, आकाश सोनी, आकाश दुबे की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।